रायबरेली। शिवाजी नगर के जिस स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी की सभा होनी है, उस क्षेत्र के कई मोहल्लों की गुरुवार को दिनभर बत्ती गुल रही। इससे लोगों में आक्रोश रहा। उनका कहना था कि पोल और तार बदलने का काम पहले करना चाहिए, जो सीएम के आगमन पर आननफानन किया गया।
बालापुर, चतुर्भुजपुर, शिवाजी नगर, ज्योतिबा नगर, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, आईटीआई कॉलोनी, सर्वोदय नगर आदि इलाकों में बिजली गुल रहने पर राजेंद्र शुक्ला, दिनेश मिश्रा, दिलीप गुप्ता, नीरज अग्रवाल, अभिषेक श्रीवास्तव ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यह काम पहले कर देना चाहिए था, जिससे जनता को परेशानी न झेलनी पड़ती।
उधर, आईटीआई बिजली उपकेंद्र के जेई उदेश कुमार का कहना है कि देर शाम आपूर्ति चालू कर दी गई है। जहां बिजली जा रही है, वहां भी जल्द ही तार लगाकर आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
ट्राई साइकिलें उतारीं और फिर वापस गईं
जिस मैदान में मुख्यमंत्री की सभा होनी है, वहां पर गुरुवार को दिव्यांगों को दी जाने वाली ट्राई साइकिलें चार ट्रकों में भरकर आईं। इन्हें मैदान के एक किनारे पर उतारा गया। कुछ घंटे बाद पता नहीं क्या हुआ, इन सभी ट्राई साइकिलों को फिर ट्रकों में भरकर वापस ले जाया गया। उधर, इस संबंध में कोई अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।