हलोर। अवैध शराब के मामले में पकड़े गए कंटेनर चालक शाकिर को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। वहीं गिरोह के सरगना सरताज अली की तलाश जारी है। जांच में पता चला है कि चंडीगढ़ की अंग्रेजी शराब की अवैध ढंग से बिहार में बिक्री की जा रही थी। कंटेनर से बरामद शराब की कीमत करीब 40 लाख रुपये है।
दरअसल, आबकारी विभाग और महराजगंज पुलिस की टीम ने मंगलवार को कंटेनर में लदी 402 पेटी शराब बरामद थी। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि मुरादाबाद जिले के कुंदरकी क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी कंटेनर चालक शाकिर को जेल भेजा गया है।
मुरादाबाद के गदीपुर गांव निवासी गिरोह के सरगना सरताज अली की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पूछताछ में आरोपी चालक ने बताया कि वह चंडीगढ़ की सरकारी अंग्रेजी शराब लादकर बिहार ले जा रहा था। उसी दौरान उसे पकड़ लिया गया।
उसने बताया कि इस कार्य से हम लोग लाखों रुपये कमाते हैं। चूंकि बिहार में शराब की बिक्री पर रोक है, इसलिए आसानी से शराब की बिक्री हो जाती है।
सीओ ने बताया कि जांच में पता चला है कि चंडीगढ़ की अंग्रेजी शराब की अंतरराज्यीय स्तर पर तस्करी की जा रही थी। कंटेनर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है।