ऊंचाहार। हमीदपुर बड़ागांव स्थित गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करने गई एक प्रधानाध्यापिका के गले से सोने की चेन और लॉकेट चोरी हो गया। पीड़िता ने जेवर की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई है। सीसीटीवी फुटेज में तीन महिलाएं संदिग्ध रूप से दिखाई दी हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।
नगर पंचायत के खत्री टोला निवासी पुष्पा गुप्ता प्राथमिक विद्यालय रामसांडा में प्रधानाध्यापिका हैं। सोमवार को वह अपने पति नरेंद्र गुप्ता के साथ गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करने गई थीं। आरोप है कि पूजा-अर्चना के दौरान उनके गले से 18 ग्राम वजन की सोने की चेन और लॉकेट पार कर दिया गया। मंदिर परिसर से बाहर निकलने पर उन्हें जेवर गायब होने की जानकारी हुई।
इसके बाद उनके पति ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन महिलाएं संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई दीं, जिन पर चोरी की आशंका जताई गई है। पीड़िता ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।