रायबरेली। फ्रैंडशिप डे पर रविवार को बधाई देेने का सिलसिला चला। साप्ताहिक लॉकडाउन की वजह से लोग घरों में ही रहे। इससे भले ही बाहर जाकर पार्टी नहीं मना सके, लेकिन बधाई देने के लिए मोबाइल को माध्यम बनाया।
दोस्तों संग अपनी फोटो एक-दूसरे को साझा कर पुरानी यादें ताजा कीं। बड़े-बुजुर्गों ने परिवार के सदस्यों को अपनी दोस्ती के किस्से सुनाए तो मित्रता पर फिल्माए गीत भी गुनगुनाए। बच्चों ने भी अपने दोस्तों को मैसेज करके बधाई दी।
सुबह से ही व्हाट्सएप पर फ्रैंडशिप डे के मैसेज आने लगे। किसी ने पर्सनल मैसेज के साथ पुरानी फोटो भेजी तो किसी ने ग्रुप पर मित्रता दिवस की बधाई दी। स्टेटस पर बधाई संदेश के साथ दोस्त के साथ बिताए पलों की यादें ताजा करते हुए पुरानी फोटो भी लगाई।
हिमांशु ने दोस्ती को मजबूत बनाए रखने का संदेश देते हुए दोस्तों को बधाई भेजी। शिक्षिका नीतू ने अपनी सभी फ्रैंड के साथ अलग-अलग फोटो साझा की। इसी तरह सभी ने अपने मोबाइल फोन से पुरानी फोटो निकाली, उन्हें एक-दूसरे से शेयर की, पुरानी यादें ताजा करते हुए मित्रता दिवस की बधाई दी। एक-दूसरे की तारीफ में कविताएं भी भेजीं।
बच्चों को बताया मित्रता का महत्व
रायबरेली। महावीर सिंह पीजी कॉलेज हरचंदपुर में रविवार को पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों को मित्रता दिवस के बारे में बताया गया। प्रबंधक अवधेश सिंह ने कहा कि सच्चा मित्र अपने मित्र की कमियों को खूबियों में बदलकर उसे गुणी और उत्तम बनाने में सहयोग करता है। यही वो रिश्ता है, जो खून के रिश्ते से भी श्रेष्ठ और महान माना जाता है। इस मौके पर असिस्टेंट प्रोफेसर शिवशंकर ंसिंह, गुरुदेव गुप्ता, डॉ. सर्वेश द्विवेदी, डॉ. उपासना पांडेय, डॉ. जयेंद्र सिंह, अशोक गौतम, नमिता श्रीवास्तव, अकबाल सिंह, जयकांत, विनोद यादव आदि मौजूद रहे।