रायबरेली-खीरों। चौकी सेमरी के पास केमिकल से भरे टैंकर के नीचे दबकर हुई रिटायर्ड फौजी जगदीश कुमार की मंगलवार को मौत हो गई थी। बुधवार को उनके घर पर परिजनों व रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा रहा। परिवार के लोग रोते बिलखते रहे। हादसे ने परिवार को हिलाकर रख दिया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्नाव लालगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम 6 बजे पुलिस चौकी सेमरी के पास उन्नाव की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार व अनियंत्रित टैंकर पलट गया था। इस दौरान बाइक सवार सेमरी निवासी रिटायर्ड फौजी जगदीश कुमार टैंकर के नीचे आ गए थे। उनकी मौत हो गई थी। घटना में टैंकर के नीचे दब जाने से छात्र प्रियांशु भी घायल हो गया था। जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। संदीप बाबू व ओमजी का उपचार कर घर भेज दिया गया था।
बुधवार को मृतक जगदीश की पत्नी रेखा देवी ने टैंकर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। रेखा देवी का आरोप है कि उनके पति बाइक में पेट्रोल डलवाने पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। तभी उन्नाव की तरफ से आ रहे टैंकर ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पति को टक्कर मार की थी, जिससे पति की मौत हो गई थी। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
टैंकर में भरा था एसिड
खीरों। पुलिस की प्रारंभिक जांच में एनएच 31 मुख्य मार्ग पर सेमरी पुलिस चौकी के पास पलटने वाले टैंकर में सल्फ्यूरिक एसिड (तेजाब) भरा था। इस केमिकल की चपेट में आने से छात्र प्रियांशु 60 प्रतिशत झुलस गया था। सूत्र बताते हैं कि जो बिल्टी पकड़ी गई है, वह अस्पष्ट है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि केमिकल कहां जा रहा था। चालक के पकड़े में आने के बाद ही इसका पता लग सकेगा। खास बात यह है कि टैंकर के मालिक का भी पता नहीं चल सका है।
रात भर आती रही केमिकल की दुर्गंध
हादसे से टैंकर में जमा केमिकल सड़क पर फैल गया था। जिस कारण आसपास के लोगों की आंखों में जलन महसूस होने लगी थी। घटना के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची थी और सड़क पर पड़े केमिकल को पानी से हटाया गया था। काफी केमिकल नाले में चला गया था। केमिकल का असर था कि पूरी रात आसपास के लोगों को इसकी दुर्गंध से परेशान होना पड़ा। 500 मीटर दूर सेमरी चौराहे तक लोगों को रात भर केमिकल की दुर्गंध आती रही ।