ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम बाइक सवार युवक को टक्कर मारते हुए तेज रफ्तार बोलेरो पुल से जा टकराई। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि बोलेरो चालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो को छोड़कर भाग गया।
गदागंज थाना क्षेत्र के बरेथ मजरे सुदामापुर गांव निवासी रविपाल (27) जमुनापुर गांव निमंत्रण में गया था। वापस जाते समय सूची-खरौली मार्ग पर पूरे पलऊ गांव के पास सड़क किनारे लघुशंका करने के लिए रुका था। इस दौरान जमुनापुर की ओर से चडऱई की तरफ जा रही बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी।
बाइक को रौंदते हुए बोलेरो पुल से जा टकराई। टक्कर तेज होने की वजह से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बोलेरो घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।