लालगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को पहली बार एक गर्भवती महिला को सफलतापूर्वक खून चढ़ाया गया। इसके साथ ही अस्पताल में स्थापित ब्लड स्टोरेज यूनिट का संचालन भी शुरू हो गया है। इससे अब उच्च जोखिम वाली गर्भवती और एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर नहीं करना पड़ेगा। उन्हें समय पर बेहतर इलाज की सुविधा मिलने से जच्चा-बच्चा दोनों की जान की रक्षा भी हो सकेगी।
महिला चिकित्सक डॉ. दुर्गेश नंदिनी और डॉ. प्रियंका ने बताया कि अभी तक हर माह चार से पांच गंभीर गर्भवती को प्रसव के दौरान रक्त की जरूरत होने पर जिला अस्पताल भेजना पड़ता था। रेफर के दौरान समय और संसाधनों को लेकर काफी परेशानी होती थी। ब्लड स्टोरेज सुविधा शुरू होने से अब यह समस्या दूर हो गई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमल पटेल ने बताया कि यह सुविधा सीएचसी में पहली बार शुरू की गई है। जिले की ब्लड बैंक से रक्त मंगाकर स्टोरेज यूनिट में सुरक्षित रखा गया है। दो महिलाओं को खून चढ़ाकर सुरक्षित प्रसव कराया गया। इस पहल से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। (संवाद)