खीरों (रायबरेली)। बकाया भुगतान मांगने को लेकर हुए विवाद में रविवार को भाजपा नेता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे उन्हें सिर पर गंभीर चोटें आईं। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है। दूसरे पक्ष ने भी भाजपा नेता पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मथुराखेड़ा मजरे खीर निवासी एवं भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विनोद पासी के मुताबिक खीरों थाना गेट के सामने मकान का निर्माण कार्य कराने का ठेका लिया था। निर्माण का लगभग आधा कार्य पूरा हो गया है। रविवार शाम को उन्होंने मकान स्वामी से बकाया भुगतान मांगा। उन्होंने भुगतान देने से मना कर दिया। विरोध करने पर मकान स्वामी और उसके बेटे ने फावड़े से हमला कर दिया।
उधर, घायल को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉ. सुनील यादव ने सिर में गंभीर चोट होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मकान स्वामी का कहना है कि ठेकेदार से भुगतान को लेकर विवाद हुआ था। इस पर ठेकेदार ने स्वयं उनके साथ मारपीट की है। खीरों थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। घटना की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।