खीरों थाना क्षेत्र के बरौंडी गांव के पास भाजपा बूथ अध्यक्ष के साथ हुई लूट व मारपीट की घटना के ब
खीरों। बरौंडी-लालपुर मार्ग पर शनिवार रात लालपुर गांव के भाजपा बूथ अध्यक्ष अंशुल लोधी (24) को लाठी-डंडे से बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया गया। हमलावरों ने उन्हें कोई नशीला पेय पदार्थ भी पिलाया। इसके बाद बाइक व दो मोबाइल फोन लेकर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल अंशुल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गी है। रंजिश में हमला किए जाने की बात सामने आई है।
लालपुर बरौंडी निवासी महदेई पत्नी कृष्ण कुमार लोधी के मुताबिक उनका बेटा अंशुल बीती सात नवंबर को खीरों बाजार गया था। रात करीब 12 बजे बाइक से अंशुल घर लौट रहा था। बरौंडी से लालपुर जाने वाले मार्ग पर करीब 100 मीटर आगे तीन अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। हमलावरों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से भी मारा और कोई नशीला पेय पदार्थ पिला दिया।
इसके बाद गंभीर हालत में छोड़कर बेटे की बाइक व दो मोबाइल फोन छीनकर हमलावर भाग निकले। बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि मां की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में मामला किसी रंजिश को लेकर मारपीट होना प्रतीत हो रहा है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के मोबाइल की लोकेशन निकलवाकर हमलावरों की तलाश की जा रही है।