रायबरेली। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी हुई। बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस की रफ्तार ने तो यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। यह ट्रेन बछरावां के बाद हर स्टेशन पर देर तक रुकती रही, जिससे चार घंटे लेट हो गई। कई अन्य ट्रेनों ने भी काफी इंतजार कराया।
बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस बुधवार को मध्य रात्रि में आनी चाहिए, लेकिन बछरावां स्टेशन तक 20 मिनट लेट रहने वाली यह गाड़ी रायबरेली स्टेशन पर पौने दो घंटे विलंब से पहुंची। रास्ते में इस ट्रेन को रोका गया। ऊंचाहार में यह ट्रेन देर तक रुकी तो दो घंटे से ज्यादा लेट हो गई। इसके बाद यह गाड़ी चार घंटे विलंब से बृहस्पतिवार को सुबह प्रतापगढ़ के कुंडा स्टेशन पहुंची।
यातायात निरीक्षक बाल मुकुंद ने बताया कि कुंडा स्टेशन के बाद रेलवे ट्रैक पर काम चल रहा है, जिससे ट्रैफिक ब्लाॅक होने के कारण बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस को कंट्रोल करने के लिए अलग-अलग स्टेशनों पर देर तक रोका गया। ट्रैफिक ब्लॉक खत्म होने के बाद यह ट्रेन कुंडा से आगे रवाना की गई।
उधर, बृहस्पतिवार को ऋषिकेश-प्रयागराज एक्सप्रेस पौने दो घंटे, प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस सवा घंटे, देहरादून-बनारस जनता मेल व बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, प्रयागराज-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस, बनारस-देहरादून जनता मेल व अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल आधे घंटे देर से आई।
बुधवार की रात प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर तीन घंटे, कानपुर-रायबरेली पैसेंजर पौने दो घंटे, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे, रघुराज सिंह-रायबरेली पैसेंजर पौन घंटे विलंब से पहुंची। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आई हैं।