डलमऊ (रायबरेली)। चक मलिक भीटी गांव के राकेश कुमार अवस्थी और कृष्ण कुमार द्विवेदी के घर बुधवार की रात चोर घर के पीछे बने शौचालय के सहारे छत पर चढ़े। इसके बाद वह आंगन में लगे लोहे के जाल को तोड़कर अंदर दाखिल हुए। घर के लोग गर्मी अधिक होने के कारण बरामदे में सो रहे थे।
चोरों ने दोनों घरों के कमरों में रखी अलमारी और बक्से का ताला तोड़ दिया। राकेश कुमार अवस्थी के घर से एक लाख रुपये नकद व 40 लाख के जेवर और कृष्ण कुमार द्विवेदी के घर से करीब 12 लाख रुपये कीमत के आभूषण पार कर दिए। राकेश के घर की महिलाएं बृहस्पतिवार सुबह घर के भीतर गईं तो सामान बिखरा देख चोरी होने की जानकारी हुई। इसी बीच कृष्ण कुमार के घर में भी चोरी होने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। जल्द घटना का राजफाश करने का आश्वासन दिया। प्रभारी निरीक्षक श्याम कुमार पाल का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है।