रायबरेली। मौसम विभाग ने रायबरेली को येलो जोन में शामिल कर दिया है। लू को देखते हुए मंगलवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व सहदेव कुमार मिश्र ने एडवाइजरी जारी कर दी। प्रशासन की ओर से दोपहर 12 से तीन बजे के बीच धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। एडीएम ने बताया कि बाहर निकलते समय सिर एवं शरीर को ढकें। टोपी, गमछा, दुपट्टा या छाते का प्रयोग करें। पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ का सेवन करें। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए दिनभर पानी पीते रहें।
उन्होंने सलाह दी कि ओआरएस, शिकंजी, आमपना, नींबू पानी आदि का सेवन लाभकारी है। सूती एवं हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, जो पसीना सोख सकें और शरीर को ठंडा रखें। संतुलित एवं हल्का आहार लें। ताजे फल, सलाद एवं तरल पदार्थों का सेवन करें। तली-भुनी एवं गरिष्ठ खाद्य सामग्री से परहेज करें। किसी भी प्रकार की आपात सहायता के लिए कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर संचालित कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।