फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो घंटे में गिरे एटीएम के शटर, बैंकों में मारामारी

Sun, 13 Nov 2016 11:27 PM IST
रायबरेली/ अमर उजाला ब्यूराे
विज्ञापन
आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
केंद्र सरकार के 500 और 1000 रुपये के नोट बंद किए जाने से आम आदमी की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। रविवार को भी बैंकों और एटीएम में धन निकासी के लिए ग्राहकों में मारामारी दिखी। हालात ये रहे कि दो घंटे में ही अधिकतर एटीएम के शटर गिर गए। 
विज्ञापन


जिले में बैंक ऑफ बड़ौदा, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक में सुबह से ही ग्राहकों की लंबी-लंबी लाइनें दिखी। बुजुर्ग, महिलाएं और युवा लाइन में खडे़ अपने बारी का इंतजार किया। लेनदेन पहले पाने के चक्कर में लोग आपस में धक्कामुक्की करते नजर आए।

एटीएम में रुपये तो डाले गए, लेकिन दो घंटे में ही धन की कमी से उनके शटर गिर गए। सुपर मार्केट स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में लेनदेन करने के लिए सैकड़ों लोग लाइन में लगे थे। यहां बैंक से निकाल कर बाहर आए लोगों ने बताया कि एक ग्राहक को 10 हजार रुपये दिए जा रहे थे।
विज्ञापन


जमा करने के लिए घंटो मशक्कत करनी पड़ रही थी। बैंक गेट पर खड़ी रतापुर से आई देवपती ने बताया कि वह अस्वस्थ हैं। दवा कराने के लिए पैसे चाहिए, लेकिन बैंक के अंदर भीड़ देखकर उनकी हिम्मत लाइन में लगने की नहीं है। वे वापस जा रही हैं।

इसी तरह संतोष भी परेशान दिखे। कहना था कि एक घंटे से लाइन में खड़ा हूं, लेकिन रुपया नहीं मिला है। कैनाल रोड स्थित एसबीआई की शाखा में एटीएम तो बंद रहा, लेकिन शाखा के काउंटर से रुपये निकालने को लेकर लंबी लाइन लगी रही। इसमें कई महिलाएं, बुजुर्ग व युवा शामिल रहे।

लाइन में सबसे पीछे खड़े देदौर निवासी सोमनाथ पटेल का कहना था कि वे करीब दो घंटे पहले लाइन में लगे थे। अभी वे काउंटर तक नहीं पहुंच पाए हैं। उनकी बेटी नीतू की शादी 30 नवंबर को है। तिलक 23 नवंबर को जाना है। कुछ सूझ नहीं रहा कि बेटी की शादी कैसे होगी।

केंद्र सरकार को शादी वाले ग्राहकों की परेशानी देखते हुए कुछ राहत देने वाले कदम उठाने चाहिए। डिग्री कॉलेज स्थित बैंक ऑफ इंडिया की प्रमुख शाखा में ग्राहकों की काउंटर पर चार लाइनें लगी थी। लोगों को रुपया लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।

यहां लाइन में खड़े देशराज ने बताया कि एक दिन पहले वे पुराने नोट जमा कर पाए थे। रविवार को अपने खाते से पैसा निकालने को लाइन में एक घंटे से खड़े हैं। बैंक ऑफ इंडिया की मुंशीगंज शाखा में सुबह 11 बजे के करीब दो दर्जन लोग खड़े थे।

यहां एक घंटे में कई लोगों को भुगतान किया गया, लेकिन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम काम नहीं कर रहे हैं। इससे परेशानी हो रही है। भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा के प्रबंधक वी रतन ने बताया कि बैंक में ग्राहकों के रुपये बदलने और धन निकासी की व्यवस्था कराई जा रही है। पूरा प्रयास है कि किसी ग्राहक को कोई परेशानी न हो।
विज्ञापन



 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें