रायबरेली। मोहनगंज पुलिस ने बुधवार रात एक घर में छापा मारकर एक लाख कीमत की नकली शराब बरामद की। पुलिस की मानें तो यह शराब अरुणाचल प्रदेश से लाकर यहां बेची जा रही थी। मौके से रैपर, शीशियां समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया है, जबकि सरगना फरार हो गया। फरार सरगना उन्नाव जिले का रहने वाला है।
मोहनगंज थाना क्षेत्र के अलाईपुर गांव के निकट एक सिल्वर रंग की कार रायबरेली मार्ग से मोहनगंज के लिए आ रही थी। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। इस पर पुलिस ने घेराबंदी को कार को कब्जे में लिया। कार से 16 पेटी अरुणाचल प्रदेश की नकली शराब बरामद हुई। कार चालक मोनू सिंह ग्राम दुसौती थाना महराजगंज रायबरेली को दबोच लिया गया।
कार चालक की निशानदेही पर पुलिस ने रात में ही नवांवा गांव निवासी सुभाषचंद्र उर्फ बबलू जायसवाल के घर पर छापा मारा। यहां से बड़े पैमाने पर शराब मिली। पुलिस ने बबलू जायसवाल के घर से रांयल बांबे सुपर विस्की ब्रांड की 10044 शीशियां, मस्ती ब्रांड के 9900 रैपर, 5600 ढक्कन व 2700 टूटे हुये ढक्कन, एक मोबाइल और 1400 रुपये मिले।
तिलोई के क्षेत्राधिकारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मोनू सिंह, बबलू जायसवाल के अलावा संजीव जायसवाल निवासी ओदारी थाना फुरसतगंज को पकड़ा गया है, जबकि सरगना भगौती सिंह निवासी उन्नाव फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। यह कारोबारी अरुणाचल प्रदेश की शराब को यूपी ब्रांड की मस्तीहू व राजधानी गोल्ड का लेबिल व क्यूआर कोड लगाकर परिवर्तित करके बेंचते थे। बरामद की गई शराब की कीमत करीब एक लाख रुपये है।