रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एजुकेटर और तकनीकी अनुदेशकों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। करीब एक महीने पहले साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई थी। इसके बाद अभ्यर्थियों से पांच-पांच विद्यालयों के विकल्प भी लिए गए, लेकिन अभी तक नियुक्तिपत्र जारी नहीं हुए हैं। अब विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसी सप्ताह नियुक्तिपत्र मिलने की उम्मीद है।
बेसिक शिक्षा विभाग में समग्र शिक्षा एवं पीएमश्री के तहत को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए ईसीसीई एजुकेटर और उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में लर्निंग बाई डूइंग कार्यक्रम के तहत तकनीकी अनुदेशकों का चयन किया जाना है। चयनित अभ्यर्थियों की सेवाएं संविदा के आधार पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से ली जाएंगी।
इसके लिए लखनऊ की एक फर्म का चयन किया गया है। अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया करीब एक महीने पहले पूरी कराई गई थी। साक्षात्कार के लिए निर्धारित पदों के सापेक्ष तीन गुना अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। साक्षात्कार के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी। इसमें एजुकेटर के सभी 209 पदों पर चयन किया गया, जबकि तकनीकी अनुदेशक के 17 अभ्यर्थी चयनित हुए।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में 13 और 14 अक्तूबर को आयोजित काउंसिलिंग में सभी चयनित अभ्यर्थियों से पांच-पांच विद्यालयों के विकल्प लिए गए थे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों की ओर से दिए गए विकल्पों के आधार पर विद्यालय आवंटित कर दिए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों की सूची विद्यालय आवंटन के विवरण के साथ संबंधित फर्म को भेज दी गई है। फर्म को तीन दिन के भीतर नियुक्तिपत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में चयनित अभ्यर्थियों को इसी सप्ताह तैनाती मिलने की उम्मीद है।