रायबरेली। जमीन न बांटने से नाराज बेटे ने पिता के सिर पर खुरपी से कई वार करके हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की।
सरेनी थाना क्षेत्र के पांडेय का पुरवा मजरे रामपुर कला गांव निवासी रामकिशोर पांडे उर्फ साधु पांडेय (85) का छोटा बेटा राम नारायण करीब 20 साल से रायबरेली शहर में बच्चों के साथ रहता है। रामकिशोर के नाम करीब चार बीघे जमीन है।
इसमें से एक बीघे जमीन उसने बेटे राम नारायण को दी थी। राम नारायण एक बीघे और जमीन मांग रहा था। चार माह बाद वो मंगलवार रात गांव आया और ट्यूबवेल में खाना खाकर सो गया।
बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे खुरपा से घास छील रहा था। इस बीच राम किशोर पांडेय भी ट्यूबवेल पर पहुंच गए तो जमीन बंटवारे को लेकर दोनों में विवाद होने लगा। इस बीच नाराज राम नारायण ने पिता के सिर पर खुरपी से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी सांसे थम गई। वारदात को अंजाम देने के बाद राम नारायण ने ट्यूबवेल में ताला बंद किया और फरार हो गया। घटना से घर में कोहराम मच गया। वारदात की जानकारी होने पर सीओ लालगंज इंद्रपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
मामले में सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। थानेदार रवेंद्र सिंह का कहना है कि मृतक के बड़े बेटे राज नारायण की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। फरार हत्या आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द उसे पकड़कर जेल भेजा जाएगा।