फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: अनन्या ने लहराया सफलता का परचम, मिला दूसरा मुकाम

Tue, 31 Mar 2026 02:21 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
प्रकाश नगर ​स्थित आवास में परिवारक के साथ खुशी जताती टॉपर अनन्या त्रिवेदी।
विज्ञापन
रायबरेली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) 2024 के नतीजे आए तो रायबरेली जिला सुर्खियों में आ गया। पीसीएस की टॉपर लिस्ट में इस जिले की अनन्या त्रिवेदी ने दूसरा स्थान हासिल कर पूरे प्रदेश में नाम रोशन किया।
विज्ञापन

सोमवार को सुबह से ही अनन्या के आनंद नगर स्थित घर में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। ढोल-नगाड़ोंं के बीच जश्न जैसा माहौल दिखा। मिठाई खाने-खिलाने का दौर चला। परिजनों के साथ आसपास रहने वाले लोग भी जश्न में शामिल हुए।
आनंद नगर निवासी सुशील कुमार त्रिवेदी जनरल स्टोर चलाते हैं। उनकी पत्नी रेखा रानी बेसिक शिक्षा विभाग के उच्च प्राथमिक विद्यालय राजापुर में शिक्षक हैं। इनकी बेटी अनन्या त्रिवेदी ने पीसीएस में दूसरा स्थान अर्जित किया है। जिस समय नतीजे आए, उस समय अनन्या लखनऊ में थी। नतीजों का पता चलते ही वापस घर लौटीं तो जश्न मनाने का सिलसिला शुरू हो गया। अनन्या ने कहा कि उन्हें ऐसे नतीजों की उम्मीद नहीं थी। सेकंड टॉपर बनने की बहुत खुशी है। उनके लिए स्वामी विवेकानंद आदर्श हैं। इस मुकाम तक पहुंचने में मां की प्रेरणा काम आई।
विज्ञापन

अनन्या के मुताबिक मामा राजेश कुमार पांडेय ने हमेशा मार्गदर्शन दिया और प्रोत्साहित किया। मामा कानपुर देहात में अपर पुलिस अधीक्षक हैं। अनन्या ने शुरुआती पढ़ाई रायबरेली से की, फिर 2019 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र (आनर्स) में स्नातक किया। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से परास्नातक की डिग्री हासिल की। साथ ही नेट भी क्वालीफाई किया। पहले ही प्रयास में सफलता मिल गई। माता-पिता समते अन्य परिजनों ने अनन्या की सफलता पर खुशी जताई। मां ने बताया कि कड़ी मेहनत, ईमानदारी और लगातार प्रयास से सफलता जरूर मिलती है।
अभिषेक सिंह को 33वीं रैंक, बनेंगे डिप्टी जेलर
जगतपुर क्षेत्र के पूरे मती मजरे रोझइया भीखमशाह निवासी राजेश प्रताप सिंह के पुत्र अभिषेक प्रताप सिंह ने पीसीएस में 33वीं रैंक हासिल की है। वह डिप्टी जेलर पद के लिए चयनित हुए हैं। अभिषेक ने शुरुआती पढ़ाई इसी जिले में पूरी की, फिर कानपुर यूनिवर्सिटी से बीएससी और भूगोल विषय से परास्नातक किया। प्रयागराज में रह कर पीसीएस की तैयारी में जुट गए। पहले प्रयास में सफलता मिल गई। अभिषेक के पिता किसान और मां माधुरी सिंह गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे को उच्च शिक्षा दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। अभिषेक के चाचा राकेश सिंह भदौरिया भाजपा नेता हैं। इस उपलब्धि पर राकेश सिंह राना, सोनू सिंह, अजय त्रिपाठी, केके पटेल, श्याम सिंह, बृजेश सिंह ने खुशी जताई है। (संवाद)
साहिबा बनेंगी नायब तहसीलदार
शिवगढ़। साहिबा बानो नायब तहसीलदार पद के लिए चयनित हुई हैं। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग में प्रदेश स्तर पर दूसरी रैंक बनाई है। शिवगढ़ की मूल निवासी साहिबा के पिता स्व. मोहम्मद रशीद प्रधान थे। पिता के निधन के बाद भी साहिबा ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। साहिबा बेसिक शिक्षा के प्राथमिक विद्यालय निहालखेड़ा में सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत हैं। एक शिक्षक की जिम्मेदारी निभाने के साथ उन्होंने अपनी तैयारी को निरंतर जारी रखा। (संवाद)
दूसरे प्रयास में शिवानी को मिली सफलता
ऊंचाहार। पूरे राठौरन मजरे ऊंचाहार देहात गांव के किसान भानु प्रताप सिंह की बेटी शिवानी सिंह ने दूसरे प्रयास में पीसीएस परीक्षा पास की। उन्हें 150वीं रैंक मिली। असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी पद पर चयनित हुईं। शिवानी ने इंटर तक की शिक्षा एनटीपीसी परियोजना परिसर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में ग्रहण की। स्नातक की परीक्षा इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पास की। प्रयागराज में रहकर पीसीएस की तैयारी की। शिवानी ने सफलता का श्रेय अपनी मां सविता सिंह के साथ अन्य परिवारीजनों और गुरुजनों को दिया है। छोटी बहन कामिनी सिंह लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल कर आईएएस की तैयारी कर रही है। छोटा भाई आर्यन हाईस्कूल में पढ़ाई कर रहा है। (संवाद)
इन होनहारों को भी मिली सफलता
पीसीएस परीक्षा में जिले के कई होनहारों ने अपनी मेधा का परिचय देते हुए सफलता का परचम लहराया है। सुरेशचंद्र पटेल की छोटी बेटी रोशनी पटेल ने सफलता अर्जित की है। वह असिस्टेंट कमिश्नर पद पर चयनित हुई हैं। राजकिशोर वर्मा के पुत्र रितेश वर्मा ने भी सफलता हासिल की है। वे नायब तहसीलदार पद पर चयनित हुए हैं। वर्तमान में रितेश वर्मा कस्टम अधीक्षक के पद पर मुंबई में तैनात हैं।
जवाहर विहार मलिकमऊ निवासी हर्ष कुमार सिंह को सफलता मिली और वह डिप्टी एसपी पद के लिए चयनित हुए हैं। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय पिता नवीन कुमार सिंह और मां शशिकांता सिंह को दिया है। महराजगंज क्षेत्र के जनई निवासी किसान राकेश सिंह की पुत्री शिवानी सिंह ने पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण की है। वह जीएसटी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर बनेंगी। शिवानी ने शुरूआती पढ़ाई न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल से पूरी की, फिर फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज से स्नातक करने के बाद लखनऊ में रह कर तैयारी करने लगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें