रायबरेली। जिले में न्याय पंचायत, ब्लॉक और जनपद स्तर पर अमृत क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए रूपरेखा तय कर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। न्याय पंचायत स्तर पर 4 एवं 5 अक्तूबर, ब्लॉक स्तर पर 7 एवं 8 अक्तूबर, जनपद स्तर पर 11 से 13 अक्तूबर तक खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। अमृत क्रीड़ा महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
अमृत क्रीड़ा महोत्सव के संबंध में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को बचत भवन में बैठक हुई। अमृत क्रीड़ा महोत्सव में 10 खेलों का आयोजन किया जाएगा। फुटबाल, हॉकी, ताइक्वांडो, कबड्डी, बालीवाल, एथलेटिक्स, कैरम, चेस, टेनिस व बैडमिंटन के लिए अंडर-16 आयु वर्ग, ओपेन वर्ग में विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं।
हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं जिला स्तर पर ही होंगी। एडीएम ने सभी बीडीओ, एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अमृत क्रीड़ा महोत्सव के आयोजन के दौरान न्याय पंचायत व ब्लॉक स्तर पर साफ-सफाई, जलपान, फर्नीचर, चिकित्सा सुविधा, परिवहन, खेल उपकरण आदि व्यवस्थाएं दुरुस्त कराएंगे। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट युगराज सिंह, डीडीओ एसएन चौरसिया समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।