रायबरेली में सोमवार को ऊंचाहार नगर पंचायत के खरौली रोड़ पर अतिक्रमण हटाती जेसीबी।
- फोटो : RAIBARAILY
ऊंचाहार (रायबरेली)। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत ऊंचाहार कस्बे में सड़क की पटरियों पर फैले अतिक्रमण को हटाया गया। नगर पंचायत के ईओ ने एसडीएम व पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से अतिक्रमण को ध्वस्त कराया। इस दौरान दुकानदारों में सामान हटाने के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। कहीं-कहीं पर लोगों ने विरोध भी जताया।
नगर पंचायत में सड़क की पटरियों पर स्थायी व अस्थायी दुकानदारों का कब्जा था। टिन शेड तो कोई गुमटी रख कर सड़क की पटरी पर ही दुकानदारी कर रहा था। एक सप्ताह पहले नगर पंचायत ने दुकानदारों को सड़क की पटरियां खाली करने के लिए मुनादी कराई थी, लेकिन उस पर किसी दुकानदार ने ध्यान नहीं दिया। सोमवार को एसडीएम राजेश कुमार व कोतवाल शिवशंकर पुलिस बल के साथ कस्बे पहुंचे।
नगर पंचायत ईओ निखिलेश कुमार मिश्रा ने सबसे पहले खरौली रोड पर जेसीबी से अतिक्रमण हटाना शुरू कराया। यह देख दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। लोग स्वयं ही टिन शेड व गुमटियां हटाने लगे। प्रशासन ने सड़क किनारे बनाए गए स्थायी व अस्थायी निर्माण को भी ढहा दिया। लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाईवे व थाना रोड पर गुमटियां हटाई गईं। एसडीएम ने बताया कि सड़क किनारे पटरियों पर दुकानदारों का अतिक्रमण था। मुनादी कराने के बावजूद लोग अतिक्रमण नहीं हटा रहे थे, जिसे जेसीबी से हटाया गया है।
ओवरब्रिज के नीचे शिफ्ट कराई जाएंगी दुकानें
नगर के थाना चौराहा, बिजली घर, खरौली रोड व हाईवे किनारे बड़ी संख्या में फल व सब्जी सहित दैनिक उपभोग के सामान की दुकानें लगती थीं। सैकड़ों लोगों की रोजी रोटी चलती थी। अब इसको लेकर लोगों के सामने संकट पैदा हो गया, लेकिन एसडीएम ने इसके लिए तैयारी की है। उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़ी जगह पर दुकानदारों को शिफ्ट करने की तैयारी की है। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि पटरी के सभी दुकानदारों को पुल के नीचे शिफ्ट किया जाएगा। जिससे नगर में अतिक्रमण खत्म होने के साथ ही दुकानदारों की रोजी रोटी भी चालू रहेगी।