ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी परियोजना में ब्वायलर ट्यूब में रिसाव व तकनीकी खराबी के चलते शनिवार को बंद हुईं तीनों यूनिट चालू हो गईं। दो यूनिट रविवार की शाम व एक यूनिट सोमवार की सुबह चलना शुरू हो गईं। बिजली उत्पादन सामान्य होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
एनटीपीसी परियोजना में 210-210 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता की पांच यूनिटें स्थापित हैं, जबकि छठी यूनिट 500 मेगावाट बिजली उत्पादन करती है। शनिवार की रात परियोजना की यूनिट नंबर चार ब्वायलर ट्यूब रिसाव के चलते बंद हो गई थी, जबकि तीसरी व पांचवीं यूनिट में भी तकनीकी खराबी आईं थीं। इससे 630 मेगावाट बिजली उत्पादन कम हो गया था। इसका सीधा असर देश के नौ राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, राजस्थान व उत्तर प्रदेश पर पड़ा था।
फॉल्ट की जानकारी होने पर परियोजना के अभियंताओं की टीम ने मरम्मत कार्य शुरू किया था। सोमवार सुबह तक परियोजना में बिजली उत्पादन सामान्य हो गया है। वहीं अन्य राज्यों को भी आपूर्ति शुरू हो गई है। परियोजना के जनसंपर्क अधिकारी ऋषभ शर्मा ने बताया कि मरम्मत के बाद सभी यूनिट संचालित हैं। अब पूरी क्षमता के साथ उत्पादन किया जा रहा है।