पुल पर स्लैब कास्टिंग के बाद जांच करते अधिकारी।
- फोटो : पुल पर स्लैब कास्टिंग के बाद जांच करते अधिकारी।
लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के पास बांदा से टांडा नेशनल हाईवे 232 पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत अंतिम चरण में है। क्षतिग्रस्त हिस्से पर स्लैब कास्टिंग के बाद कंक्रीट से ढलाई का काम पूरा कर लिया गया है। अब 15 दिनों तक स्लैब की तराई की जाएगी, ताकि वह पूरी तरह से मजबूत हो जाए। इसके बाद रेलवे की ओर से अधिकारी निरीक्षण करेंगे और क्लीयरेंस देंगे। कार्यदायी संस्था के डिप्टी जनरल मैनेजर विवेक वर्मा ने बताया कि विभागीय स्वीकृति मिलते ही पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। अगस्त के अंतिम सप्ताह से पुल पर दोबारा आवागमन शुरू होने की उम्मीद है। इससे नगर में लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
दरअसल, उद्घाटन से महज छह महीने के भीतर ही ओवरब्रिज का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद बाद 26 मई 2019 को इस आरओबी को बंद कर दिया गया था। अब इसके दुरुस्त होने के बाद लोगों को इस पर आवागमन बहाल होने का इंतजार है। वर्तमान में बड़े वाहन एनएच 232 से शहर के भीतर से होकर गुजर रहे हैं, जिससे जाम की समस्या है और हादसे का डर बना रहता है। आरओबी के चालू होते ही बड़े वाहन उन्नाव हाईवे से सेमरपहा होकर बाईपास के रास्ते रायबरेली रोड तक पहुंच सकेंगे। इससे नगर की सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा। व्यापारी नेता विवेक शर्मा, रोहित सोनी, राहुल भदौरिया, अनिल गुप्ता, दीपचंद गुप्ता, सचिन रस्तोगी, सीपी पांडेय, कैलाश बाजपेई का कहना है कि पुल के क्षतिग्रस्त हुए करीब छह साल बीत गए हैं। इसके मरम्मत का कार्य पूरा होने की सूचना से लोगों में खुशी है।