रायबरेली। देशभर में लगाए गए लॉकडाउन के समय बंद की गई काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को अब चलाया गया है। हालांकि यह अपने पुराने नाम और नंबर से नहीं चल रही है, बल्कि बदले हुए नाम से विशेष ट्रेन के रूप में चलाया जा रहा है। यह गाड़ी पूरी तरह आरक्षित है, फिर भी लोगों को ट्रेन के चल जाने से कुछ राहत जरूर मिलेगी।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन मंडुवाडीह और नई दिल्ली के बीच होगा। मंडुवाडीह से नई दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या-05127 का संचालन मंगलवार से शुरू हो गया। पहले दिन यह गाड़ी निर्धारित समय से चली, लेकिन दूसरे दिन बुधवार को करीब एक घंटे की देरी से रायबरेली जंक्शन पहुंची।
इसी तरह नई दिल्ली से मंडुवाडीह लौटने वाली गाड़ी संख्या-05128 का संचालन बुधवार से शुरू हो गया। अब दोनों दिशाओं की गाडियां रोजाना चलेंगी। फिलहाल इस गाड़ी को 30 अप्रैल तक चलाने का निर्णय लिया गया है। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो गया है, जिसे स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाया जा रहा है।