डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बेटे के साथ गंगा स्नान कर लौट रही महिला बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी डीह भेजा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पूरे मियां गफूर मजरे कजियाना तेलयानी निवासी मिथिलेश कुमारी (55) अपने पुत्र अरुण के साथ मंगलवार को बाइक से गंगा स्नान करने गोकना घाट गईं थीं।
लौटते समय डीह-नसीराबाद मार्ग पर रोखा गांव के पास महिला बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों की मदद से महिला को सीएचसी डीह ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया,
लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष पंकज सोनकर ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल
हरचंदपुर (रायबरेली)। बाइकों की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मंगलवार दोपहर बाद हरचंदपुर अघौरा घाट संपर्क मार्ग पर नटबीर मंदिर के पास यह हादसा हुआ। इसमें स्योंठी निवासी गोविंद (22) और पैड़ेपुर निवासी सुरेश सिंह (35) घायल हुए हैं। दोनों को गंभीर चोटें आईं हैं। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों के घायल होने की सूचना मिली है। कोई तहरीर नहीं मिली है।
बस और ट्रक के बीच आई कार क्षतिग्रस्त
बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में चुरुवा मंदिर के निकट लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर मंगलवार को बस के अचानक ब्रेक मार देने से पीछे आ रही कार उससे टकरा गई।
यही नहीं कार के पीछे चल रहे ट्रक ने भी टक्कर मार दी। इससे कार का आगे और पीछे दोनों तरफ का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे मं किसी के जख्मी होने की खबर नहीं है। यह हादसा लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बाबूगंज निवासी राजू की कार के साथ हुआ, जो अपने कुछ साथियों के साथ लखनऊ एयरपोर्ट जा रहा था। थानाध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।