जगतपुर। कोतवाली क्षेत्र के फक्कड़ दास की कुटी (लक्ष्मणपुर) के निकट ट्रैक्टर और बोलेरो में टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहन पास के होटल में घुस गए।
होटल में रखा सामान और टिनशेड टूट गया। मौजूद लोगों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। जगतपुर की तरफ से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रही थी।
इसी दौरान बोलेरो और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। इससे ट्रैक्टर और बोलेरो सामने होटल में जा घुसे। होटल संचालक राजेश कुमार निवासी लक्ष्मणपुर ने बताया कि वाहनों के दुकान में घुसने से करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आईं। पुलिस ने ट्रैक्टर व बोलेरो को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल हरिकेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
बेकाबू कार पेड़ से टकराई, चालक की मौत
सतांव (रायबरेली)। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार को बाइक सवार को बचाने में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखचे उड़ गए।
पूरे घुरई मजरे केलौली गांव निवासी राजेंद्र कुमार (55) अपनी कार से लालगंज जा रहा था। बाजपेयी खेड़ा मोड़ के पास सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने में कार अनियंत्रित होकर खड्ड में उतरकर पेड़ से टकरा गई।
इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। चालक राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घरवाले उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे लेकिन राजेंद्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, एक अन्य घटना में बाइक की टक्कर से अधेड़ घायल हो गया। मलिक मऊ चौबारा निवासी राम मोहन (55) सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान रायबरेली की तरफ से आ रहे बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे राममोहन घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद युवक बाइक छोड़कर भाग गए।