शिवगढ़ (रायबरेली)। बांदा-बहराइच राजमार्ग पर शुक्रवार रात बेकाबू लोडर ने बाइक सवार महिला को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कुंभी गांव निवासी गुड्डू सिंह चौहान के यहां बेटी की शादी थी। इसमें बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ के हसनपुर कोलहदा निवासी रामदुलारी (50) व पंडित पुरवा के सुमित तिवारी शामिल होने आए थे।
शादी समारोह में भोजन करने के बाद दोनों बाइक से लौट रहे थे, तभी बांदा-बहराइच राजमार्ग पर गोडियन का पुरवा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात लोडर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे महिला बाइक से गिरकर लोडर के नीचे आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बाइक चालक सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।