सलोन-ऊंचाहार (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में बुधवार दोपहर बिजली गिरने से एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि परिवार के ही तीन लोग झुलस गए। घटना के बाद हड़कंप मच गया। परिवारीजनों में रोना-पिटना मच गया। पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने पहुंचकर घटना की जांच की।
सलोन के कमालगंज बाजार निवासी वंदना साहू (35) पत्नी दीपक कुमार सोमवार दोपहर अपने बेटे ऋषभ (4), रिशू (5) व बेटी अंशिका (9) के साथ अपनी मां रामकली के घर रसूलपुर आई थी।
दोपहर को वंदना अपने तीनों बच्चों और बड़े भाई के लड़के अमित को लेकर कोइला रसूलपुर गांव में धान की रोपाई करने गई थी। इस दौरान बारिश के साथ ही बिजली कड़कने लगी। इस पर सभी पॉलीथिन ओढ़कर नहर की पटरी पर बैठ गए।
लगभग एक बजे अचानक बिजली के गरजने की आवाज तेज हो गई। इसके बाद बच्चों को लेकर वंदना मेड़ की तरफ चली आई। इसी दौरान एकाएक गरज व चमक के साथ बिजली गिर गई। इससे मौके पर ही वंदना, उसके बेटा ऋषभ व बेटी अंशिका की मौत हो गई। जबकि वंदना का पुत्र रिशू, बड़े भाई दिलीप का पुत्र अमित और वृद्ध मां रामकली झुलस गईं।
घटना की जानकारी पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। ऊंचाहार एसडीएम राजेंद्र शुक्ला, नायब तहसीलदार रिषी कुमार मिश्रा, सीओ सलोन इंद्रपाल सिंह व कोतवाल पंकज त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। घायलों को सीएचसी सलोन में भर्ती कराया गया। एसडीएम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
बाल-बाल बचे एसडीएम
ऊंचाहार। घटनास्थल का मुआयना करने बाद ऊंचाहार एसडीएम राजेंद्र शुक्ला सलोन सीएचसी घायलों को देखने जा रहे थे। उनकी गाड़ी गांव के रास्ते से ऊंचाहार सलोन मार्ग पर मुड़ रही थी। इसी दौरान बारिश की वजह से वाहन फिसलकर सीधे सड़क किनारे गड्ढ़े में चला गया। गनीमत रही कि वाहन सवार एसडीएम और अन्य मातहत बाल-बाल बच गए।