रायबरेली। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट रायबरेली की टीम ने अमेठी जिले में छापा मारकर अवैध ई-टिकट का व्यापार करने वाले युवक को पकड़ा। उसके पास बरामद लैपटॉप समेत अन्य सामग्री जब्त कर ली गई।
आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि रेलवे ई-टिकट के अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को गौरीगंज बाजार स्थित एक साइबर कैफे के संचालक प्रेम सागर को पकड़ा गया, उसके मोबाइल और लैपटॉप में चार पर्सनल यूजर आईडी मिली। 14 भविष्य यात्रा टिकट और 110 बैक डेट के टिकट मिले।
बरामद रेलवे ई-टिकट, मोबाइल, लैपटॉप जब्त कर लिए गए हैं। युवक गौरीगंज थाना क्षेत्र के लखियापुर मजरे सराय का रहने वाला है। मामले में केस दर्ज कर सहायक उप निरीक्षक गौरीगंज प्रदीप कुमार यादव को जांच सौंप दी गई है।