रायबरेली। पॉवर कॉर्पोरेशन की प्रस्तावित हड़ताल को लेकर शनिवार को बचत भवन में बैठक हुई। बैठक में हड़ताल की वजह से विद्युत आपूर्ति, विद्युत स्टेशनों, उपकरणों, लाइनों की सुरक्षा, कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रणनीति तैयार की गई। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
डीएम हर्षिता माथुर ने संबंधित विभागों को अपने तकनीकी स्टाफ की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले स्तर पर तकनीकी स्टॉफ की टीमों का गठन कर कार्ययोजना तैयार कर ली जाए, जिससे आकस्मिक परिस्थितियों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था बनी रहे। सुरक्षा की दृष्टि से जहां पर भी सीसीटीवी कैमरे लगे है, उसको चेक कराकर क्रियाशील रखा जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने विद्युत केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा, चीफ इंजीनियर रायबरेली जोन आरपी प्रसाद आदि उपस्थित रहे।