रायबरेली। शहर में बढ़ती कुत्तों की समस्या से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। शहर में डॉग शेल्टर होम बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। शहर में पिछले कुछ समय से कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बाजारों, रिहायशी इलाकों और मुख्य सड़कों पर घूमने वाले कुत्तों के कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कई क्षेत्रों में कुत्तों के झुंड राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी खतरा बन रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों में कुत्तों के हमले का डर बना रहता है। ऐसे में नगर पालिका परिषद रायबरेली लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठ रही थी। अधिशासी अधिकारी (ईओ) स्वर्ण सिंह के मुताबिक नगर के वार्ड नंबर पांच खसपरी के खोर गांव में करीब दो एकड़ भूमि पर डॉग शेल्टर होम बनाने के लिए चिह्नित की गई है।
डॉग शेल्टर होम बनने से शहर में घूमने वाले लावारिस कुत्तों को सुरक्षित स्थान पर रखा जा सकेगा। वहां उनके खाने-पीने, उपचार और देखरेख की व्यवस्था भी की जाएगी। डॉग शेल्टर होम में कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण की व्यवस्था भी की जाएगी। जल्द डॉग शेल्टर होम बनाने का कार्य शुरू कराया जाएगा।