यूपी के जिला रायबरेली के महाराजगंज में कोतवाली क्षेत्र के कोटवा मदनिया गांव में सोमवार को पानी भरने के विवाद में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। वारदात से गुस्साए लोगों ने हमलावरों का घर घेर लिया।
विज्ञापन
सूचना पर 10 थानों की फोर्स और पीएसी के साथ पहुंचे एडीएम व एएसपी ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की। पूर्व प्रधान, उसके दो बेटे समेत चार हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस-पीएसी तैनात की गई है।
कोटवा मदनिया गांव निवासी अब्दुल हसन (60) पुत्र हसन अली किसानी करता था। गांव निवासी एवं पूर्व प्रधान रामहर्ष कोरी के घर के पास सरकारी हैंडपंप लगा है। हैंडपंप में पानी भरने को लेकर अक्सर अब्दुल हसन और पूर्व प्रधान के घर के सदस्यों के बीच विवाद होता था।
विज्ञापन
Trending Videos
10 थानों की फोर्स के अलावा पीएसी मौके पर पहुंची
घटना के बाद एकत्रित हुए स्थानीय लोग
- फोटो : amar ujala
सोमवार को भी हैंडपंप में पानी भरने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। बस इतनी सी बात को लेकर पूर्व प्रधान आदि ने अब्दुल हसन पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से पीट-पीटकर अब्दुल हसन की हत्या कर दी। वारदात से गांव में तनाव उत्पन्न हो गया। गुस्साए लोगों ने हमलावरों का घर घेर लिया।
वारदात की सूचना पर एएसपी वीरेंद्र यादव, एडीएम वित्त एवं राजस्व शीतला प्रसाद, सीओ सत्यपाल सिंह, थानेदार नबीबुल हसन रिजवी के अलावा बछरावां, सदर कोतवाली समेत 10 थानों की फोर्स के अलावा पीएसी मौके पर पहुंच गई। पुलिस-प्रशासनिक अमले के पहुंचने पर हमलावरों की जान बची। गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात कर दी गई है।
कोतवाल ने बताया कि मृतक के बेटे रिजवान उर्फ सोनू की तहरीर पर पूर्व प्रधान रामहर्ष कोरी, उसके दो बेटे राजेश, राकेश व गांव के अनुपम जायसवाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें से पूर्व प्रधान रामहर्ष कोरी, राजेश और अनुपम को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
पानी भरने को लेकर कर दी जाएगी हत्या, किसी ने नहीं सोचा
मृतक अब्दुल हसन
- फोटो : amar ujala
बताया जा रहा है कि मृतक काफी दिनों से बीमार चल रहा था। हैंडपंप में पानी भरने को लेकर अक्सर विवाद हो जाता था, लेकिन बाद में कहासुनी के बाद माहौल शांत हो जाता था। पर सुबह महज पानी भरने को लेकर किसान की हत्या कर दी जाएगी, यह शायद किसी ने सोचा नहीं था।
मृतक अपने पीछे पत्नी निशा बानो व छह लड़के और एक बेटी को छोड़ गया है। पति की मौत से पत्नी निशा बानो के आंसू नहीं थम रहे हैं। पति को याद करते ही बिलख पड़ती है। वारदात की जानकारी पर घर पर नाते-रिश्तेदारों का आना जाना लगा है।
मामले पर एएसपी वीरेंद्र यादव का कहना है कि पानी भरने के विवाद में वारदात हुई है। मामले में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। पूर्व प्रधान समेत तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।