लालगंज। क्षेत्र के सती बहादुर का पुरवा मजरे दीपेमऊ सोहवल गांव में मंगलवार को खेलते समय एक चार वर्षीय बच्चा पानी से भरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम पसर गया। यह गड्ढा भट्ठे में ईंट पथाई के लिए खोदा गया था।
गांव निवासी अमरेश पासवान का बेटा मयंक (4) मंगलवार दोपहर को घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह घर से करीब 50 मीटर दूर बने पानी से भरे पांच फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। काफी देर तक जब बच्चा नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान शव गड्ढे में भरे पानी पर उतराता मिला। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे की मौत से पिता अमरेश और मां सोमवती का बेहाल हैं। बच्चे के पिता ने बताया कि गांव के ही पास भट्ठे में ईंट पथाई के लिए गड्ढे में पानी भरा जाता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।