रायबरेली-ऊंचाहार। एनटीपीसी ऊंचाहार की चौथी यूनिट को रविवार की देर रात बंद कर दिया गया है। यूनिट के ब्लोवर के पीए फैन में तकनीकी खराबी आने के कारण यह निर्णय लिया गया। यूनिट बंद होने से 210 मेगावॉट बिजली उत्पादन ठप हो गया है।
एनटीपीसी की चौथी यूनिट पिछले कई दिनों से ठीक से काम नहीं कर रही है। यूनिट के ब्लोवर का पीए फैन ठीक से काम नहीं कर रहा है। इससे समस्या आ रही थी। रविवार की रात करीब एक बजे समस्या बढ़ने के बाद यूनिट को बंद कर दिया गया। इससे 210 मेगावॉट बिजली का उत्पादन ठप हो गया। एनटीपीसी रोजाना 1050 मेगावॉट बिजली उत्पादन करता है। एक यूनिट के बंद होने से उत्पादन 840 मेगावॉट हो गया है। यूनिट में आई खराबी को ठीक करने के लिए टीम लगी है। उम्मीद है कि देर रात तक यूनिट को लाइटअप कर लिया जाएगा। एक यूनिट के बंद होने से बिजली का संकट बढ़ गया है। साथ ही एनटीपीसी को करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। एनटीपीसी के डीजीएम (एचआर) एससी सोनी ने बताया कि तकनीकी खराबी आने के कारण यूनिट को बंद करना पड़ा। यूनिट को लाइटअप करने का प्रयास किया जा रहा है।