रायबरेली। जेष्ठ माह का पहला बड़ा मंगल 20 मई को पड़ेगा। बड़े मंगल को लेकर न सिर्फ हनुमान भक्तों में जबरदस्त उत्साह है। कहीं पर चना, हलुवा तो कहीं पर शर्बत और पूड़ी सब्जी का वितरण होगा। सोमवार को हनुमान मंदिरों के भक्तों ने साफ-सफाई करने के साथ पूजापाठ की तैयारियां पूरी कर ली हैं। कहीं-कहीं तो सोमवार को ही हनुमान मंदिरों में भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ शुरू हो गए हैं।
शहर के जहानाबाद चौकी स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में साफ-सफाई को लेकर पुजारी भीमशंकर त्रिवेदी पूरे दिन लगे रहे। उन्होंने न सिर्फ हनुमान जी की प्रतिमा, बल्कि पूरे परिसर की सफाई करने के साथ पूजापाठ की तैयारियां पूरी कर ली। उन्होंने बताया कि जेष्ठ माह के पहले मंगलवार को हनुमान चालीसा का 21 बार सस्वर पाठ होगा। संकट मोचन हनुमानाष्टक का पाठ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले बड़े मंगल को प्रसाद में चना और शर्बत का वितरण किया जाएगा। इसमें भक्तों का पूरा सहयोग मिल रहा है।
इसी तरह शहर के रेलवे स्टेशन रोड में मंशा देवी मंदिर स्थित हनुमान मंदिर की भी साफ-सफाई पूरी करने के साथ पूजापाठ की तैयारी की गई है। पुजारी संतोष तिवारी, दुर्गेश तिवारी, पवन शुक्ला, मुन्नालाल शुक्ला ने बताया कि हनुमानजी का शृंगार करने के साथ शाम को आरती होगी। इसके बाद भक्तों में प्रसाद का वितरण किया जाएगा। बृजेश शुक्ला, उर्मिला देवी, शिव प्रसाद ने बताया कि हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। इसी तरह कैनाल रोड स्थित हनुमान मंदिर, भवानी पेपर मिल मंदिर और सुरजूपुर स्थित हनुमान मंदिर में सोमवार को साफ-सफाई कराई गई। सुरजूपुर स्थित हनुमान मंदिर में भजन कीर्तन के साथ सुंदरकांड का पाठ शुरू कर दिया गया है।