रायबरेली (ब्यूरो)। शहर के मोहल्ला सैय्यद राजन के एक बालक को बलि देने के लिए अगवा कर लिया गया, जो करीब एक घंटे बाद पड़ोस के मोहल्ले के एक घर में मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को नागरिकों ने यह कहते हुए घेर लिया कि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। नागरिकों ने किला चौकी पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों पक्षों को बुलाकर चौकी बुला लिया और पूछताछ की। पिता का आरोप कि उसके बेटे को गड़ा धन हासिल करने के लिए बलि देने की नियत से उठाया गया था। जबकि किला चौकी इंचार्ज सुरखाब खां का कहना है कि जांच की जा रही है। इसके बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
सैय्यद राजन मोहल्ला निवासी शमशाद का बेटा शुक्रवार रात करीब आठ बजे गायब हो गया। काफी देर तक नहीं मिला तो पिता के साथ पूरा मोहल्ला एकत्र हो गया। किसी ने बालक को ले जाते हुए देख लिया था। उसकी सूचना पर करीब एक घंटे बाद पड़ोस के मोहल्ला अंदरून किला के एक घर में बालक मिल गया। इसकी खबर फैलते ही बड़ी संख्या मेें लोग एकत्र हो गया और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो उसका भी घेराव कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किला चौकी में भी लोगों का मजमा लग गया। पुलिस ने पिता और उसके बेटे को घटनास्थल पर ले जाकर पूछताछ की। आरोपी के साथ पड़ोसियों से भी जानकारी हासिल की।