अमावां (रायबरेली)। मिल एरिया थाना क्षेत्र के उमरपुर मजरे खेमरुवा गांव में रविवार की रात 8.30 बजे छोटे भाई ने बड़े भाई की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। घटना के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
गांव निवासी रामबली (35) और उसके छोटे भाई रामनरेश के बीच जमीनी विवाद चल रहा है। बताते हैं कि इसी बात को दोनों में झगड़ा होता रहता था। रात को रामबली खेत से वापस लौटा। इसी बीच छोटे भाई ने उस पर लाठी से हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई बार लाठी से प्रहार किया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी छोटा भाई फरार हो गया। इसकी सूचना पुलिस महकमे को दी गई । घटना की सूचना पर एसओ मनोज मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ का कहना है कि अब तक की जांच में पता चला है कि छोटे भाई ने जमीनी विवाद को लेकर बड़े भाई की लाठी से पीटकर हत्या की है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी। शव को कब्जे में ले लिया गया है।