रायबरेली। जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) से बनी सड़कों की जांच कराने के लिए विभाग तैयार नहीं है। उसका मानना है कि केंद्र सरकार जिन सड़कों की पहले ही जांच करके अपनी रिपोर्ट दे चुका है, उन सड़कों की कैसे जांच कराई जाए। विभाग के अधिकारियों का दावा है कि सड़कों के निर्माण में मानकों का पूरा ध्यान रखा गया है। सड़कों पर कहीं भी कोई खामी नहीं है।
सांसद सोनिया गांधी ने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय भ्रमण के दौरान 8 नवंबर को जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में भाग लिया था। इसमें सांसद के सामने ऊंचाहार से सपा विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने विधानसभा क्षेत्र में पीएमजीएसवाई से बनी तीन सड़कों को गुणवत्ता विहीन बताते हुए जांच कराने की मांग की थी।
आरोप लगाया था कि एक दो साल में सड़कें उखड़ने लगी हैं। निर्माण के समय मानकों को ध्यान में नहीं रखा गया था। सांसद सोनिया के निर्देश पर प्रभारी डीएम डॉ. अख्तर रियाज ने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को सड़कों की जांच कराकर रिपोर्ट देने का आदेश दिया था। पीएमजीएसवाई विभाग किसी भी हाल में जांच कराने के लिए तैयार नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि सड़कों को देखा गया है सभी मानक के अनुसार बनाई गई है। केंद्र की टीम पहले ही सड़कों की जांच कर चुकी है, अब सड़कों की जांच का कोई औचित्य नहीं है।