ऊंचाहार (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में सोमवार की रात बोलेरो सवार असलहों से लैस बदमाशों ने ट्रक चालक के पिता और खलासी को बंधक बनाकर 450 लीटर डीजल लूट लिया। बदमाशों ने ट्रक भी लूटने का प्रयास किया, लेकिन शोरगुल पर आसपास के लोगों के पहुंचने पर वे फरार हो गए। घटना की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस ने इस घटना से इंकार किया है। हैरत की बात ये है ये घटना जमुनापुर चौराहा से 500 मीटर दूरी पर हुई, जहां पर पुलिस की पिकेट ड्यूटी लगती है। बावजूद पुलिस को इस घटना की भनक तक नहीं लग सकी।
ऊंचाहार थाना क्षेत्र के गनपी निवासी सूरजबली का बेटा राजेश कुमार ट्रक चालक है। वह इसी क्षेत्र के उमरन निवासी जितेंद्र द्विवेदी का ट्रक चलाता है, जो कानपुर के एक ट्रांसपोर्ट से संबद्ध है। बताते हैं कि राजेश ट्रक संख्या यूपी 70 सीटी 8100 में अंबाला से माल लादकर कोलकाता की ओर ले जा रहा था। कानपुर से आते समय रास्ते में उसका घर पड़ा। बीती शाम उसने गांव के निकट रामसांडा के पास सड़क किनारे ट्रक लगाकर घर चला गया। घर से उसका पिता खलासी सुधीर कुमार का खाना लेकर आया और उसी के साथ ट्रक पर सो गया। देर रात एक बोलेरो ट्रक के पास आकर रुकी। बोलेरो पर चार-पांच लोग सवार थे, जो असलहों से लैस थे। बदमाशों ने चालक के पिता और खलासी को बंधक बना लिया। साथ ही ट्रक की टंकी से 450 लीटर डीजल निकाल लिया, जिसकी कीमत 22 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। पीड़ितों के मुताबिक, बदमाशों ने ट्रक भी लूटने का प्रयास किया, मगर आसपास के लोग आ गए, जिस पर वह फरार हो गए। उधर, ऊंचाहार थानेदार बीएन शुक्ला का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और न ही कोई तहरीर मिली है। वह मामले को दिखवाएंगे।