वोटर बनकर करें अपने मताधिकार का प्रयोग
रायबरेली। एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. राजेश कुमार प्रजापति ने शनिवार को एफजी कॉलेज में मतदाता पंजीकरण विशेष अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा दें। सभी वोटर बनकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
एडीएम ने बताया कि 1 जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं के लिए मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए 1 जुलाई से 31 जुलाई 2017 तक अभियान चलाया जा रहा है। इसमें विशेष रूप से 9 एवं 23 जुलाई को अभियान वृहद स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में जिन मतदाताओं के नाम त्रुटिपूर्ण हैं, इस अभियान में वह अपना नाम सही करा सकतेे हैं। एडीएम ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रतिभाग करें। सदर तहसीलदार सौरभ शुक्ला व समस्त लेखपाल मौजूद रहे।