जिला पंचायत की गूंज दिल्ली पहुंची, आज आएंगी प्रियंका गांधी
रायबरेली। जिला पंचायत अध्यक्षी को लेकर जिले में मंगलवार को जो कुछ भी हुआ उसकी गूंज दिल्ली तक पहुंच गई है। यही वजह है कि जिला पंचायत सदस्यों और सदर विधायक अदिति सिंह पर जानलेवा हमला और उत्पीड़न के मामले को गंभीरता से लिया गया है।
इसी वजह से इन लोगों से मिलने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को 11 बजे रायबरेली पहुंचेगी। इसकी पुष्टि सांसद सोनिया गांधी के निजी सचिव धीरज श्रीवास्तव और जिलाध्यक्ष वीके शुक्ला ने की है।
प्रियंका के आगमन को लेकर साफ जाहिर है कि यह लड़ाई अब कांग्रेस संगठन और जिला पंचायत सदस्यों की नहीं, बल्कि दिल्ली से जुड़ गई है। इस मसले को किस स्तर से जोरदारी से उठाया जाए इसको लेकर जिला संगठन देर रात तक रणनीति बनाने में जुटा रहा।