कोरम पूरा न होने पर पीठासीन अधिकारी ने समाप्त की अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया
रायबरेली। जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ पौने 12 बजे तक एक भी जिला पंचायत सदस्य जिला पंचायत सभागार नहीं पहुंच सका। हालांकि कुछ जिला पंचायत सदस्य आ गए थे। एसीजेएम व पीठासीन अधिकारी सिद्धार्थ सिंह ने अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक का कोरम पूरा न होने के कारण बैठक की कार्रवाई को समाप्त करकेे नोटिस चस्पा कराते हुए पंचायतीराज विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेज दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए मंगलवार को 11 बजे जिला पंचायत सभागार में बैठक बुलाई गई थी। दो घंटे की बैठक के बाद मतदान होना था। 12 बजे के पहले तक करीब 10 जिला पंचायत सदस्य आ भी गये। डिग्री कॉलेज चौराहा से जिला पंचायत सदस्यों को पुलिस वालों ने सभागार तक पहुंचाने का प्रयास भी किया।
बताते हैं कि पीठासीन अधिकारी के पास पर जिला पंचायत सदस्य नहीं पहुंच सके। पीठासीन अधिकारी ने 11.45 बजे तक 52 में से एक भी जिला पंचायत सदस्य के अविश्वास प्रस्ताव की बैठक में शामिल न होने और कोरम पूरा न होने की दशा में प्रक्रिया को समाप्त कर दिया। इस संबंध में जिला पंचायत के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दी गई है। डीएम नेहा शर्मा का कहना है कि अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ बैठक व मतदान के लिए एसीजेएम पीठासीन अधिकारी रहे हैं। मामले में उन्हीं के स्तर से निर्णय लिया गया है।