रायबरेली। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण लखनऊ के उप निदेशक उदयभान ने शनिवार को जिले में परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर खाने की गुणवत्ता परखी।
इसके अलावा शैक्षिक वातावरण को भी देखा। हालांकि वार्षिक परीक्षाओं के कारण छात्रों की उपस्थिति बहुत अच्छी रही। लखनऊ से प्रयागराज जाते समय डिप्टी डायरेक्टर ने ज्यादातर बछरावां क्षेत्र के स्कूलों में ही निरीक्षण किया।
डिप्टी डायरेक्टर ने बछरावां के प्राथमिक विद्यालय सरौरा का निरीक्षण किया तो वहां 179 बच्चों के सापेक्ष 164 बच्चे उपस्थित मिले। मध्याह्न भोजन में सब्जी-चावल बना हुआ था।
हेडमास्टर अलका ओझा, सहायक अध्यापक किरण तिवारी, सरिता उपाध्याय से पढ़ाई के बारे में पूछा और बच्चों को नियमित रूप से गुणवत्तापरक भोजन देने की बात कही।
इसके बाद डिप्टी डायरेक्टर ने उच्च प्राथमिक विद्यालय सरौरा का निरीक्षण किया तो वहां 70 बच्चों के सापेक्ष 63 छात्र उपस्थित मिले। हेडमास्टर चंपा देवी, सहायक अध्यापक मीरा राम यादव, इंद्रावती उपस्थित रहीं।
प्राथमिक विद्यालय बछरावां में निरीक्षण के दौरान 165 में से 125 बच्चे उपस्थित मिले, जिस पर डिप्टी डायरेक्टर ने नाराजगी जताई।
एमडीएम में बने सब्जी-चावल को डिप्टी डायरेक्टर ने खाया और गुणवत्ता परखी। जिला समन्वयक (एमडीएम) विनय कुमार तिवारी ने बताया कि बछरावां क्षेत्र में निरीक्षण के बाद डिप्टी डायरेक्टर प्रयागराज की तरफ रवाना हो गए।