रायबरेली। सलोन ब्लॉक के कमालुद्दीनपुर ग्राम पंचायत में मनरेगा से बनवाए गए आदर्श तालाब के मामले में पूर्व प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी से 1.73 लाख रुपये की वसूली के आदेश दिए गए हैं।
मामले में डीएम ने आदेश दिए हैं कि गबन की गई धनराशि जमा न किए जाने पर भू राजस्व की भांति तहसील के माध्यम से वसूली कराई जाए।
2009-10 में सलोन ब्लॉक के कमालुद्दीनपुर गांव में मनरेगा से बहादुरा आदर्श तालाब का निर्माण कराया गया था। बाद में मामले की शिकायत होने के बाद जांच कराई गई तो पता चला कि पूर्व प्रधान नयन प्रसाद वर्मा ने तालाब के लोहे के गेट को उखड़वाकर अपने घर पर रखवा लिया था।
बाउंड्रीवाल भी क्षतिग्रस्त करा दी गई, लेकिन पूर्व प्रधान ने तालाब के संरक्षण का काम नहीं कराया। इससे तालाब की दशा और खराब हो गई।
जांच में 1,73187 रुपये की मनमानी पकड़ में आने के बाद डीएम ने पूर्व प्रधान नयन प्रसाद वर्मा से 86,593 रुपये की वसूली के आदेश दिए हैं।
साथ ही ग्राम पंचायत अधिकारी विमलेश से भी आधी धनराशि की वसूली के आदेश दिए हैं। डीपीआरओ उपेंद्र राज सिंह ने बताया कि वसूली के आदेश दिए डीएम ने दिए हैं। धनराशि जमा न किए जाने पर तहसील के माध्यम से वसूली कराई जाएगी।