खीरों (रायबरेली)। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर तीन बेरोजगारों से करीब सात लाख रुपये की ठगी कर ली गई। नौकरी न मिलने पर पीड़ितों ने धन वापस मांगा तो ठगों ने मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी दी। तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवगांव निवासी बृजेंद्र सिंह, बरौंडी निवासी बब्बू खां और हिंदूखेड़ा मजरे बरौंडी निवासी सुनील कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि हिमाचल खेड़ा निवासी गजेंद्र बहादुर सिंह उर्फ पहलवान, राघवेंद्र सिंह उर्फ मुकेश, रोहित सिंह, मोहित सिंह समेत कुछ अन्य अज्ञात लोगों ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र थमाया और छह लाख 85 हजार रुपये की ठगी कर ली।
इसमें बृजेंद्र से डेढ़ लाख रुपये, बब्बू खां से दो लाख 85 हजार, सुनील कुमार से ढाई लाख रुपये ठगे। आरोप है कि नौकरी न मिलने पर जब रुपये मांगे तो मारपीट की। एसओ अतुल सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।