रायबरेली। फरवरी 2021 में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिले में दिल्ली से 78.66 लाख मतपत्र आ गए हैं। मतपत्रों को आईटीआई प्रशिक्षण संस्थान में कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के मतपत्र एकसाथ मंगाए गए हैं।
वैसे तो त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा अब तक नहीं की गई है, लेकिन आगामी फरवरी महीने में मतदान प्रस्तावित मानकर जिले स्तर पर तैयारियों को तेज कर दिया गया है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के साथ ही कोरोना के खतरे को देखते हुए पिछले पंचायत चुनाव की तुलना में जिले में पोलिंग बूथ बढ़ा दिए गए हैं।
इस बार बूथों की संख्या बढ़कर 3566 हो गई है। हालांकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होने के बाद बूथों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। दिल्ली में फर्म मेसर्स कैपिटल बिजनेस सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड मेें मतपत्र छपने का काम पूरा होने के बाद मतपत्रों को लाया गया है। दिल्ली से मंगाए गए 78.66 लाख बैलेट पेपरों को आईटीआई गोरा बाजार के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया गया है। वहां पुलिस की समुचित व्यवस्था की गई है।
एडीएम (वित्त एवं राजस्व) प्रेमप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि दिल्ली की फर्म मेसर्स कैपिटल बिजनेस सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड में छपने के बाद 78.66 लाख बैलेट पेपर जिले में आ गए हैं। प्रधान, बीडीसी, डीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के बैलेट पेपरों को कड़ी सुरक्षा में आईटीआई गोराबाजार के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया गया है।