जिला अस्पताल के डॉक्टर कर रहे प्राइवेट प्रैक्टिस, जांच शुरू
रायबरेली। जिला अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा प्राइवेट प्रैक्टिस करने का मामला शासन स्तर पर पहुंच गया है। जिले के प्रभारी मंत्री से हुई शिकायत के बाद स्वास्थ्य महानिदेशक ने मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। जांच से संबंधित पत्र आने के बाद डीएम के निर्देश पर सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने एसीएमओ डॉ. एसके चक को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।
भाजपा नेताओं ने जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी को शिकायतीपत्र देकर आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक खुलेआम प्राइवेट प्रैक्टिस कर रहे हैं। जिले के प्रभारी मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य महानिदेशक को मामले की जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम को जांच कराकर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। सोमवार को डीएम के निर्देश पर सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने एसीएमओ डॉ. एसके चक को मामले की जांच सौंप दी है। जांच शुरू होने के बाद हड़कंप मच गया है।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा प्राइवेट प्रैक्टिस करने के संबंध में शिकायत मिली है। मामले की जांच एसीएमओ को सौंपी गई है। जांच पूरी होने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। उच्चाधिकारियों को इसके लिए पत्र भी लिखा जाएगा।- डॉ. डीके सिंह, सीएमओ