शहर के रतापुर निकट बन रही एकता विहार आवासीय कॉलोनी में अतिक्रमण और विवादों को सुलटाने के बाद खाली कराए गए 69 भूखंडों का जल्द आवंटन किया जाएगा। इसको लेकर आडीए वीसी ओपी राय ने चिह्नित भूखंडों के आवंटन प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए है।
इससे लोगों को हाईवे के किनारे प्लॉट मिल सकेंगे। इसमें 60 प्लॉट आवासीय, तो नौ प्लॉट व्यावसायिक हैं। रायबरेली विकास प्राधिकरण (आरडीए) की ओर से रतापुर के निकट लखनऊ-इलाहाबाद से सटी एकता विहार आवासीय कॉलोनी बनाई जा रही है।
आरडीए की ओर से कॉलोनी की आवंटित भूमि के कुछ हिस्सों पर आसपास के लोगों ने कब्जा कर रखा था। इतना ही नहीं उक्त भूमि को अपने में मिलाने के लिए बाउड्रीवॉल तो किसी ने मकान तक बनवा रखा है। तहसील कर्मियों से पैमाइश कराने के बाद आरडीए अफसरों ने कड़ा रुख अख्तियार किया।
कई अतिक्रमण ढहवा दिए। वहीं कुछ विवादों का निस्तारण किया। इससे आरडीए को अपनी जमीन पर कब्जा मिल गया। वहीं अब इन भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इससे नागरिकों को नए भूखंड मिल सकेंगे।
एक्सईएन आरडीए एसके सिन्हा का कहना ह कि प्लॉटों के आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी। उच्च अधिकारियाें से वार्ता के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि आवंटन लाटरी से होगा या फिर नीलामी प्रक्रिया होगी। प्लॉट चिह्नित हो चुके हैं। अभी कुछ और कब्जे हैं, जिन्हें जल्द हटवा दिया जाएगा।