रायबरेली। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शनिवार को रोजगार मेले का आयोजन हुआ। इसमें 200 से अधिक युवाओं ने साक्षात्कार दिया। 67 अभ्यर्थी चयनित किए गए।
रोजगार मेले का निरीक्षण करने के लिए अपर निदेशक मानपाल सिंह भी पहुंचे। उन्होंने मेले में अभ्यर्थियों से बातचीत की और संस्थान परिसर का मुआयना कर प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित रोजगार मेले में त्रिवेणी अलमीरा प्राइवेट लिमिटेड नोएडा के प्रतिनिधि पहुंचे, जिन्होंने मेले में आए 200 से अधिक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।
साक्षात्कार में 67 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया। प्रधानाचार्य विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 24,079 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही कैंटीन समेत अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। मेले के संयोजन और व्यवस्था में पवन कुमार, प्रतिमा चौरसिया, चंद्रकांत पांडेय, आशीष कुशवाहा, सीएम श्रीवास्तव आदि ने सहयोग किया।
उधर, प्रशिक्षण निदेशालय से आए अपर निदेशक ने भी रोजगार मेला में पहुंचकर व्यवस्था देखी और अभ्यर्थियों से बातचीत की। अपर निदेशक ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की शहर में संचालित गोरा बाजार एवं महिला शाखा के साथ ऊंचाहार शाखा का निरीक्षण किया। गोरा बाजार संस्थान परिसर के टाटा टेक्नालाजी सेंटर को भी देखा।