गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद गमगीन परिवारीजन।
सतांव। आशाराम पुरवा गांव के पास शनिवार शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
उन्नाव जिले के मौरावां थाना के विश्वनाथखेड़ा मजरे गुलरिहा गांव निवासी अरुण कुमार (30) पुत्र राधेश्याम यहां अपनी ससुराल आए थे। दोपहर तीन बजे बेटे आदित्य (7) के साथ बाइक से घर जा रहे थे।
गुरुबख्शगंज-रायबरेली मार्ग स्थित आशाराम का पुरवा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में पिता-पुत्र दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी जतुआ टप्पा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। अरुण हेलमेट पहने हुए थे। अरुण तीन दिन पहले पूरे लाला गांव निवासी सीताराम के यहां अपनी ससुराल आए थे। पत्नी शीलू को पांच माह पहले बेटी हुई थी।
शाम को बेटे के साथ अरुण घर जा रहे थे, तभी वह हादसे के शिकार हो गए। अरुण की मौत से पत्नी शीलू समेत अन्य परिजनों में रोना पीटना मचा है। गुरुबख्शगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।