रायबरेली। डीह ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी, निजी चिकित्सक, दो एनटीपीसी कर्मी और तीन सिपाही समेत 62 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में 28 और नए कंटेनमेंट एरिया बनाए गए हैं। दीनशाह गौरा ब्लॉक के झरहा में वृद्धा व उसकी बहू और पोते और जगतपुर ब्लॉक के मनोहरगंज में दंपती संक्रमित मिले हैं। सभी को रॉयन स्कूल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि डीह के खंड विकास अधिकारी सहित डीह क्षेत्र में छह लोग कोरोना संक्रमित हो गए हैं। शहर में एक निजी चिकित्सक संक्रमित मिला है। झरहा गांव में एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित पाए गए हैं। मनोहरगंज में दंपती संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा एनटीपीसी ऊंचाहार, पुलिस लाइन, थुलेंडी, ताड़तल्ला, इंदिरा नगर, सत्य नगर, अमर नगर, गड़वा, किलाबाजार, पोठई, तमनपुर, अहियारायपुर, पूरे गुलाब सिंह, शिवगढ़, रेलकोच, ऐहार, लालगंज, घोसियाना, पहरेमऊ, मुंदीपुर, अमावा रोड रतापुर, टेकारीदांदू आदि क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीह प्रतिनिधि के अनुसार, खंड विकास अधिकारी सहित क्षेत्र में छह लोगों के संक्रमित मिलने के बाद ब्लॉक कार्यालय और पांच गांवों कौरापुरगौरा मजरे गड़वा, रेवरी मजरे गड़वा, पूरे कल्लू मिश्र मजरे पोठई, टेकारीदादू व केदरवापुर को सील किया गया है। बीडीओ को उनके आवास में ही आइसोलेट कराया गया है। थानेदार जेपी यादव ने बताया कि ब्लॉक कार्यालय व संबंधित गांवों को सील कराया गया है। महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार, जवाहर नवोदय विद्यालय बावन बुजुर्ग बल्ला में कोरोना मरीज मिलने के बाद प्राचार्य और उप प्राचार्य समेत पूरे 101 लोगों के स्टाफ का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।