जिले में 16,448 सहायक अध्यापकों पद पर काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को चयनित 555 लोगों के नियुक्ति पत्र ऑनलाइन कर दिए गए। नियुक्ति पत्र लेने के लिए साइबर कैफे और कंप्यूटर संचालकों के पास लोगों की लाइन लगी रही। हाथ में नियुक्ति पत्र आते ही उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
बीएसए कार्यालय में 16,448 सहायक अध्यापकों की काउसंलिंग के बाद चयनित किए गए 555 लोगों की सूची चस्पा कर दी गई। सूची में नाम देखने के लिए सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा है। इस दौरान कई लोग ऑनलाइन नियुक्ति पत्र निकलवाकर बीएसए कार्यालय पहुंचे।
यहां पर आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया, लेकिन अवकाश होने कारण मायूस होना पड़ा। इस दौरान चयनित किए गए शिक्षकों में प्रतिभा त्रिवेदी, प्रीती देवी, प्रवीण कुमार पांडेय, पूनम मिश्रा, प्रगति तिवारी, सोनाली, वर्षा, अनीता चौधरी, ज्योति तोमर, डोली जैन, मोनू आदि ने खुशी जताई।
कहा कि काफी जद्दोजहद के बाद आखिरकार नियुक्ति पत्र मिल गया। अब शासन की मंशानुरूप बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाना पहली प्राथमिकता होगी। उधर, बीएसए जीएस निरंजन ने बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया नियमानुसार पूरी कर दी गई। इसमें 555 का चयन हुआ है।
सभी के नियुक्ति पत्र ऑनलाइन कर दिया गया, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो सके। यदि किसी को कोई समस्या है, तो कार्य दिवस में मिलकर निस्तारण करा सकता है।